रायगढ़ 19 जुलाई 2026। रायगढ़ जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक अज्ञात शख्स ने 40 वर्षीय महिला और उसकी 10 माह की मासूम बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद से क्षेत्र में जहां दहशत व्याप्त है। वहीं पुलिस ने इस दोहरे हत्याकांड पर अपराध दर्ज कर हत्यारे की तलाश शुरू कर दी है। हत्या की ये वारदात ऐसे समय सामने आई है, जब प्रदेश में लगातार सामने आ रही हत्या की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक हत्या की ये वारदात लैलूंगा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान बरत नाग (40) के रूप में हुई है। उसके पति की करीब पांच वर्ष पहले मौत हो चुकी थी। परिजनों के अनुसार, पति की मौत के बाद महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ रहती थी और अपनी 10 माह की बच्ची के साथ लोगों से मदद मांगकर जीवन-यापन कर रही थी।। बताया जा रहा है कि 16 जुलाई की रात अज्ञात व्यक्ति महिला के घर पहुंचा और उस पर ईंट से हमला कर दिया। चेहरे पर किए गए गंभीर वार से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, मासूम बच्ची पर भी किसी भारी वस्तु से हमला किया गया, जिससे उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई।
महिला गांव में स्थित एक छोटे से आवास में रहती थी। दूसरे दिन सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई। सूचना पर लैलूंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। घटनास्थल से पुलिस ने अहम साक्ष्य जुटाए हैं और अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। जांच टीम हत्या के सभी संभावित पहलुओं पर काम कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और आरोपी की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
बढ़ते हत्या के मामलों ने बढ़ाई चिंता
रायगढ़ की यह घटना एक बार फिर प्रदेश में बढ़ते जघन्य अपराधों की ओर ध्यान खींचती है। हाल के महीनों में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के खिलाफ हत्या और हिंसा की कई घटनाएं सामने आई हैं। ऐसे मामलों ने सूबे की कानून-व्यवस्था के साथ-साथ कमजोर और असहाय लोगों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल इस दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाना पुलिस के लिए चुनौती है।

