रायपुर 1 नवंबर 2026। देश की उत्कृष्ट कोयला और लिग्नाइट खदानों को सम्मानित करने के लिए 2 नवंबर को रायपुर में स्टार रेटिंग पुरस्कार समारोह आयोजित किया जाएगा। केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी समारोह में वर्ष 2024-25 के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाली खदानों को पुरस्कार प्रदान करेंगे। इस आयोजन में खनन क्षेत्र की दक्षता, सुरक्षा, आधुनिक तकनीक और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दी जाएगी।
समारोह में केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे विशिष्ट अतिथि होंगे, जबकि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा कोयला मंत्रालय के सचिव विक्रम देव दत्त, अपर सचिव सनोझ कुमार झा, कोयला कंपनियों के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, उद्योग प्रतिनिधि और विभिन्न राज्यों के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। कोयला मंत्रालय की स्टार रेटिंग नीति के तहत खदानों के प्रदर्शन का मूल्यांकन कई निर्धारित मानकों पर किया जाता है।
इनमें परिचालन दक्षता, आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल, श्रमिकों का स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, पर्यावरण प्रबंधन, सतत विकास, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापना और स्थानीय समुदायों के कल्याण के लिए किए गए प्रयास शामिल हैं। कोयला नियंत्रक संगठन की ओर से नियुक्त समीक्षक निर्धारित प्रक्रिया के तहत खदानों के प्रदर्शन का सत्यापन करते हैं। इसके बाद खदानों को पांच स्टार से लेकर शून्य स्टार तक की रेटिंग दी जाती है। वर्ष 2024-25 के आकलन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खदानों को समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
सुरक्षित और जिम्मेदार खनन को बढ़ावा देने की पहल
स्टार रेटिंग पुरस्कार योजना का उद्देश्य खनन कंपनियों के बीच बेहतर प्रदर्शन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है। इसके जरिए कंपनियों को सुरक्षा मानकों में सुधार, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। रायपुर में होने वाला यह समारोह छत्तीसगढ़ के लिए भी महत्वपूर्ण है। कोयला उत्पादन में अहम भूमिका निभाने वाले राज्य में इस आयोजन के जरिए देश की उत्कृष्ट खदानों और जिम्मेदार खनन की कार्यप्रणालियों को सामने लाने का अवसर मिलेगा।


