रायपुर 17 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए डॉक्टर और इंजीनियर बनने का सपना साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। अब जिले के विद्यार्थियों को NEET और JEE जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बड़े शहरों में महंगी कोचिंग लेने की मजबूरी कम होगी। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने शनिवार को सरगुजा जिले के 35 शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में निःशुल्क लाइव ऑनलाइन कोचिंग का शुभारंभ किया।जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) और स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शुरू की गई इस परियोजना से लगभग 2,120 विद्यार्थियों को दो वर्षों तक निःशुल्क कोचिंग मिलेगी। शैक्षणिक सत्र 2026-27 और 2027-28 के दौरान कक्षा 11वीं विज्ञान संकाय के विद्यार्थी इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि यह केवल कोचिंग सुविधा की शुरुआत नहीं, बल्कि सरगुजा के हजारों विद्यार्थियों के सपनों को नई उड़ान देने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती। सही अवसर, उचित मार्गदर्शन और मेहनत करने का जज्बा हो तो सरगुजा का बच्चा भी देश में अपनी अलग पहचान बना सकता है। मंत्री ने कहा कि आर्थिक परिस्थितियों और संसाधनों की कमी के कारण किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी का भविष्य प्रभावित नहीं होना चाहिए। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मिलना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन और पूरी लगन के साथ पढ़ाई करने की अपील की।
साथ ही स्कूलों के प्राचार्यों को निर्देश दिए कि ऑनलाइन कोचिंग में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और अभिभावकों को भी बच्चों की पढ़ाई के प्रति जागरूक किया जाए। परियोजना के तहत कोचिंग का संचालन फिजिक्स वाला लिमिटेड द्वारा किया जाएगा। जिले के सभी 35 चयनित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में लाइव टू-वे इंटरैक्टिव कक्षाएं संचालित होंगी। इसमें विद्यार्थी सीधे विषय विशेषज्ञ शिक्षकों से संवाद कर सकेंगे और अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे। कोचिंग हिंदी और अंग्रेजी के मिश्रित माध्यम में होगी। गणित समूह के विद्यार्थी JEE और जीव विज्ञान समूह के विद्यार्थी NEET की तैयारी करेंगे। विद्यार्थियों को लाइव क्लासेस के अलावा रिकॉर्डेड लेक्चर, मोबाइल ऐप, क्लास नोट्स, मुद्रित अध्ययन सामग्री, प्रश्न बैंक, ऑनलाइन मॉक टेस्ट और ऑल इंडिया टेस्ट सीरीज की सुविधा भी मिलेगी।
AI तकनीक से ट्रैक होगी विद्यार्थियों की प्रगति
इस पहल में आधुनिक तकनीक का भी इस्तेमाल किया जाएगा। AI आधारित लर्निंग एनालिटिक्स, प्रदर्शन ट्रैकिंग और अभिभावक रिपोर्टिंग डैशबोर्ड के माध्यम से विद्यार्थियों की पढ़ाई और प्रगति का आकलन किया जाएगा। सभी चयनित स्कूलों में आधुनिक स्मार्ट क्लासरूम तैयार किए गए हैं। इनमें 75 इंच के 4K इंटरैक्टिव फ्लैट पैनल, कंप्यूटर सिस्टम, वायरलेस माइक्रोफोन, HD वेब कैमरा, स्पीकर सिस्टम और कम से कम तीन घंटे का पावर बैकअप उपलब्ध कराया गया है। कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा कि परियोजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के साथ विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति की नियमित निगरानी की जाएगी। हर तीन महीने में फीडबैक सेशन आयोजित कर उनकी तैयारी, समस्याओं और जरूरतों की समीक्षा की जाएगी।
सांसद और विधायक ने भी की पहल की सराहना
कार्यक्रम में सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के कई प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए जरूरी मार्गदर्शन नहीं मिल पाता। ऐसे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की यह पहल सराहनीय है। लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने इसे युवाओं के भविष्य को संवारने वाली महत्वपूर्ण परियोजना बताया। वहीं, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने उम्मीद जताई कि इस तरह की पहल पूरे प्रदेश में लागू हो सकती है, जिससे अधिक से अधिक विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।
166 पशु सखियों को भी मिले प्रमाण-पत्र
कार्यक्रम के दौरान मंत्री राजेश अग्रवाल ने ए-हेल्प कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली 166 पशु सखियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए। ये प्रशिक्षित पशु सखियां ग्रामीण क्षेत्रों में पशु चिकित्सा विभाग के साथ समन्वय कर पशुधन टीकाकरण, कृमिनाशक दवा वितरण, पशु बीमा और पशुधन स्वास्थ्य से जुड़ी गतिविधियों में सहयोग करेंगी। प्रशिक्षण में आरसेटी, कृषि विज्ञान केंद्र और पशु चिकित्सा विभाग का सहयोग रहा। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण पशुपालकों तक पशुधन की देखभाल और स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं की पहुंच बेहतर बनाना है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह, अंबिकापुर नगर निगम के सभापति हरमिन्दर सिंह टिन्नी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव, जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और पशु सखियां उपस्थित रहीं।


