बलरामपुर 26 जुलाई 2026। बलरामपुर जिले में एक सरकारी स्कूल के प्राचार्य पर गंभीर आरोप लगने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बसंतपुर हायर सेकेंडरी स्कूल में पदस्थ एक महिला कर्मचारी ने स्कूल के प्राचार्य पर शारीरिक संबंध बनाने के लिए कथित तौर पर दबाव डालने का गंभीर आरोप लगाया है। आरोप है विभागीय स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं होने पर मामले की शिकायत पुलिस की गयी। पीड़ित महिला कर्मी की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक मामला बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर स्थित बसंतपुर हायर सेकेंडरी स्कूल का है। स्कूल में पदस्थ पीड़ित महिला कर्मचारी का आरोप है कि प्राचार्य काफी समय से उन पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहे थे। उनका कहना है कि उन्होंने सबसे पहले इस मामले की शिकायत शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से की थी, लेकिन लंबे समय तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की सभी पहलुओं से निष्पक्ष जांच की जा रही है। फिलहाल प्राचार्य अनंत कुमार की ओर से इन आरोपों पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

