धमतरी 17 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के धमतरी स्थित पीजी कॉलेज में आंतरिक मूल्यांकन परीक्षा की व्यवस्था को लेकर छात्र-छात्राओं में नाराजगी देखने को मिली। विद्यार्थियों का आरोप है कि परीक्षा के लिए शुल्क लिया जा रहा है, लेकिन परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने के बजाय ब्लैक बोर्ड पर सवाल लिखकर परीक्षा कराई जा रही है। इस व्यवस्था के विरोध में शुक्रवार को विद्यार्थियों ने कॉलेज परिसर में प्रदर्शन किया और प्रबंधन से परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों ने बताया कि आंतरिक मूल्यांकन परीक्षा के लिए परीक्षा शुल्क में 100 रुपये निर्धारित हैं। इसके बावजूद उन्हें प्रश्नपत्र नहीं दिए जा रहे हैं। छात्रों के अनुसार, ब्लैक बोर्ड पर प्रश्न लिखकर परीक्षा कराए जाने से उन्हें परेशानी हो रही है। विद्यार्थियों ने सवाल उठाया कि जब परीक्षा के लिए शुल्क लिया जा रहा है, तो प्रत्येक परीक्षार्थी को प्रश्नपत्र उपलब्ध क्यों नहीं कराया जा रहा है? उन्होंने कॉलेज प्रबंधन से सभी विद्यार्थियों के लिए समान और व्यवस्थित परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
परीक्षा व्यवस्था से नाराज छात्र-छात्राओं ने कॉलेज परिसर में करीब 20 मिनट तक प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने मांग की कि ब्लैक बोर्ड पर सवाल लिखने के बजाय प्रत्येक परीक्षार्थी को प्रश्नपत्र दिया जाए, ताकि परीक्षा प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से पूरी हो सके। विद्यार्थियों ने कॉलेज प्रबंधन से मामले में तत्काल पहल कर व्यवस्था सुधारने की मांग की। प्रदर्शन में छात्र नमन बंजारे, डीकेश्वर, दुष्यंत नेताम, राजू साहू, भरत निर्मलकर सहित अन्य छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अब सवाल यह है कि विद्यार्थियों की शिकायत पर कॉलेज प्रबंधन क्या कदम उठाता है और आंतरिक मूल्यांकन परीक्षा की व्यवस्था में सुधार किया जाता है या नहीं।


