सक्ती 26 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में थाना परिसर के बैरक में एक आरक्षक की लाश फंदेे पर मिलने सेे हड़कंप मच गया। घटना हसौद थाना परिसर की बतायी जा रही है। जहां पुलिस बैरक में पदस्थ एक आरक्षक की लाश फांसी के फंदे पर मिली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के मुताबिक मृतक आरक्षक की पहचान जय लहरे के रूप में हुई है। वह मूल रूप से भलवाही-लगरा, थाना पामगढ़ के निवासी थे और वर्तमान में हसौद थाना में पदस्थ थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरक्षक का शव थाना परिसर स्थित बैरक में खिड़की से बोरा सिलने में इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक की रस्सी के सहारे लटका मिला।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए।शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और अन्य तथ्यों के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा।

