धमतरी 23 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में दो युवकों पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस हमले में पूर्व सरपंच के बेटे दीपांशु साहू की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद पुलिस ने 3-4 संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश समेत कई पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है।
घटना धमतरी शहर से लगे मुजगहन गांव की है, जो अर्जुनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है. जानकारी के मुताबिक, बीती रात कुछ लोगों ने दीपांशु साहू और उसके साथी पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।दोनों को खून से लथपथ हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दीपांशु साहू की मौत हो गई। उसके साथी का इलाज जारी है। वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी के मुताबिक, मामले में 3-4 संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस पुरानी रंजिश सहित अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, मृतक दीपांशु साहू और घायल युवक करीब दो साल पहले एक हत्या के मामले में जेल गए थे। बाद में दोषमुक्त होने के बाद दोनों बाहर आ गए थे। पुलिस इस पुराने मामले और मौजूदा वारदात के बीच किसी संभावित संबंध की भी पड़ताल कर रही है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हिरासत में लिए गए संदेहियों से पूछताछ के साथ घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। हत्या किस वजह से हुई और वारदात में किसकी भूमिका थी, इसका खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा.


