रायपुर, 2 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर के सेंध लेक में भारतीय वायु सेना ने अपनी ताकत, साहस और उड़ान कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। एयर-शो में सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम के पांच हेलीकॉप्टरों ने आसमान में ऐसी फॉर्मेशन और रोमांचकारी करतब दिखाए कि दर्शक देखते रह गए। आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम और गरुड़ कमांडोज के प्रदर्शन ने भी कार्यक्रम में रोमांच का रंग भर दिया। तिरंगे की फॉर्मेशन और ‘वंदे मातरम्’ की गूंज के बीच आसमान देशभक्ति के रंग में रंग गया। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका भी शामिल हुए।
एयर-शो की शुरुआत भारतीय वायु सेना की आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम के प्रदर्शन से हुई। टीम के जवानों ने खुले आसमान से छलांग लगाई और पैराशूट को नियंत्रित करते हुए निर्धारित स्थान पर सटीक लैंडिंग की। इसके बाद गरुड़ कमांडोज ने अपने विशेष अभियान कौशल का प्रदर्शन किया। जवानों ने पैराशूट लैंडिंग के साथ एमआई-17 हेलीकॉप्टर से स्लिदरिंग कर रस्सियों के सहारे नीचे उतरने का अभ्यास दिखाया। इसके बाद रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन का प्रदर्शन कर अपनी त्वरित कार्रवाई और कठिन परिस्थितियों में मिशन पूरा करने की क्षमता का परिचय दिया।

पांच हेलीकॉप्टरों के क्रॉसओवर करतब ने थाम दीं सांसें
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम की प्रस्तुति रही। ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में पांच हेलीकॉप्टरों ने एक साथ आसमान में उड़ान भरते हुए आकर्षक फॉर्मेशन बनाई। कभी हेलीकॉप्टर एक-दूसरे के बेहद करीब दिखाई दिए, तो कभी अलग-अलग दिशाओं में उड़ान भरने के बाद सटीक तालमेल के साथ फिर एक फॉर्मेशन में आ गए। प्रदर्शन का सबसे रोमांचक पल ‘क्रॉसओवर’ करतब रहा, जब हेलीकॉप्टर बेहद नजदीक से एक-दूसरे को क्रॉस करते हुए गुजरे। पायलटों के बीच सटीक नियंत्रण, एकाग्रता और आपसी तालमेल का यह प्रदर्शन देखकर दर्शकों ने तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया।

कॉकपिट से गूंजा ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’
राज्य स्थापना दिवस पर सारंग टीम ने प्रदेशवासियों के प्रति खास अंदाज में अभिवादन भी किया। प्रदर्शन के दौरान ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने कॉकपिट से ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ का उद्घोष किया। आसमान से गूंजे इस संदेश ने दर्शकों का उत्साह दोगुना कर दिया। एयर-शो के अंतिम चरण में सारंग टीम ने ‘वंदे मातरम्’ की धुन के बीच तिरंगे की मनमोहक फॉर्मेशन बनाई। हेलीकॉप्टरों के शानदार तालमेल और आसमान में तिरंगे की छटा ने मौजूद लोगों को भावविभोर कर दिया।
राज्यपाल ने कहा- युवाओं के लिए प्रेरणादायी है प्रदर्शन
राज्यपाल रमेन डेका ने वायु सेना के जवानों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि सारंग टीम का यह आयोजन प्रदेश के लिए गौरव और प्रसन्नता का विषय है। जवानों ने साहस, अनुशासन, आत्मविश्वास और सटीक समन्वय के साथ अपने कौशल का प्रदर्शन किया है, जो विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि हवाई करतबों के पीछे कठिन प्रशिक्षण, विस्तृत योजना, एकाग्रता और टीम भावना होती है। सारंग टीम का प्रदर्शन बताता है कि अनुशासन, समर्पण और आपसी विश्वास के बल पर कठिन से कठिन लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
दुनिया के कई देशों में प्रदर्शन कर चुकी है सारंग टीम
भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम पांच हेलीकॉप्टरों के साथ एयरोबेटिक प्रदर्शन करने वाली विश्व की एकमात्र टीम बताई जाती है। टीम जर्मनी, ब्रिटेन, मॉरीशस, रूस और मिस्र सहित कई देशों में अपनी प्रस्तुतियां दे चुकी है। अब तक 1500 से अधिक हवाई प्रदर्शनों के जरिए टीम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय वायु सेना की पेशेवर दक्षता और उड़ान कौशल का परिचय दिया है। राज्य स्थापना दिवस पर आयोजित इस एयर-शो में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद, विधायक, निगम-मंडल के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। भारतीय वायु सेना के इस प्रदर्शन ने राज्योत्सव के उत्साह को एक यादगार अनुभव में बदल दिया।


