बालोद 19 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बालोद-धमतरी मुख्य मार्ग पर करहीभदर मोड़ के पास यात्रियों से भरी डीआरडी कंपनी की बस क्रमांक CG 04 JC 1253 अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले के पास पलट गई। हादसे में बस का परिचालक नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बस में 35 से अधिक यात्रियों के सवार होने की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। बस के अंदर फंसे यात्रियों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
जानकारी के मुताबिक बस बालोद से यात्रियों को लेकर धमतरी की ओर जा रही थी। बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम करहीभदर मोड़ के पास पेट्रोल पंप के आगे अचानक बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे नाले के पास पलट गई। बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री बस के भीतर फंस गए थे। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही घायलों को बाहर निकालने में मदद की। हादसे में बस का परिचालक बस के नीचे दब गया। उसे बाहर निकालने के लिए मौके पर मौजूद लोगों ने प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते उसकी मौत हो गई।
हादसे में कई यात्रियों के घायल होने की सूचना है। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को जिला अस्पताल बालोद और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरुर भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि कुछ यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। जरूरत पड़ने पर गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए दूसरे अस्पतालों में रेफर किया जा सकता है। हादसे के बाद बस के संचालन को लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में 35 से अधिक यात्री सवार थे। वहीं, बस की निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाए जाने की चर्चा भी सामने आ रही है।
बस के फिटनेस को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं और स्थानीय स्तर पर इसे कथित तौर पर अनफिट होने की बात कही जा रही है। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। प्रारंभिक तौर पर हादसे के पीछे चालक की लापरवाही की बात सामने आ रही है। हालांकि बस किस वजह से अनियंत्रित हुई, उसकी रफ्तार कितनी थी और क्या बस में कोई तकनीकी खराबी थी—इन सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। बालोद पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। बालोद जिले में यात्री बसों से जुड़े लगातार हो रहे हादसों ने बसों की फिटनेस, क्षमता से अधिक यात्रियों के परिवहन, चालक की लापरवाही और परिवहन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


