रायपुर, 28 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धान खरीदी का सिलसिला जारी है। 27 नवंबर तक प्रदेश में 5 लाख 34 हजार 798 मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है। अब तक 1 लाख 33 हजार 404 किसान अपना धान बेच चुके हैं। वहीं, 27 नवंबर को एक ही दिन में 90 हजार 910 मीट्रिक टन धान की खरीदी दर्ज की गई। राज्य सरकार के अनुसार, किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। चालू खरीफ सीजन में 28 लाख से अधिक किसानों ने धान विक्रय के लिए पंजीयन कराया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने किसानों के हित में एक अहम निर्णय लिया है। इसके तहत यदि कोई किसान प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचता है, तब भी उसे कृषि उन्नति योजना के अंतर्गत 21 क्विंटल की निर्धारित सीमा तक शेष अंतर की राशि का लाभ मिलेगा। सरकार के इस फैसले से खासकर छोटे किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है। किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष प्रदेश में 360 नए धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। वर्तमान में कुल 2,634 केंद्रों में धान की आवक शुरू हो चुकी है। किसान घर बैठे ‘टोकन तुंहर हाथ’ ऐप के माध्यम से ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर धान विक्रय की तारीख तय कर रहे हैं।
सरकार के निर्देश पर सभी उपार्जन केंद्रों में पेयजल, बैठने और प्राथमिक उपचार जैसी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है, ताकि किसानों को धान बेचने के दौरान परेशानी न हो। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि किसानों की मेहनत का सम्मान करना और उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को धान खरीदी के दौरान किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने और उपार्जन केंद्रों में सभी व्यवस्थाएं सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। राज्य सरकार का कहना है कि धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, सरल और किसान हितैषी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।



