बालोद 5 अक्टूबर 2026। बालोद जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां सोमवार दोपहर लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही 22 वर्षीय छात्रा पर एक युवक ने एसिड फेंक दिया। हमले में छात्रा के शरीर का दाहिना हिस्सा बुरी तरह झुलस गया है। चेहरे और आंख के आसपास भी गंभीर जलने की बात सामने आई है। घटना के बाद छात्रा को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक छात्रा ने एमए की पढ़ाई पूरी कर ली है और फिलहाल प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। सोमवार दोपहर वह आमापारा स्थित लाइब्रेरी से पढ़ाई करने के बाद घर लौट रही थी। इसी दौरान बालोद थाना क्षेत्र में आमापारा आत्मानंद स्कूल के सामने सिंचाई कॉलोनी के पास एक युवक ने कथित तौर पर उस पर एसिड फेंक दिया। एसिड पड़ते ही छात्रा तेज जलन से चीखने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार एसिड अटैक में छात्रा के शरीर का दाहिना हिस्सा बुरी तरह झुलस गया है।
चेहरे और आंख के आसपास भी चोट आई है। गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रायपुर रेफर किया है। छात्रा बालोद शहर में पदस्थ एक पुलिसकर्मी की बेटी बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक पैदल ही आमापारा केनाल की ओर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बालोद थाना पुलिस के साथ टीआई, एसपी और एएसपी समेत पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम की भी मदद ले रही है। पुलिस की प्राथमिक जांच में फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आरोपी ने छात्रा पर हमला क्यों किया और उसके पास किस प्रकार का रासायनिक पदार्थ था। चूकि पीड़ित छात्रा को चिंताजनक हालत में रायपुर रिफर कर दिया गया है, इसलिए छात्रा का भी बयान पुलिस दर्ज नहीं कर सकी है। लिहाजा पुलिस आरोपी की पहचान और हमले के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। पुलिस की जांच के बाद ही एसिड अटैक के कारण, आरोपी की पहचान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।


