राजनांदगांव 5 अक्टूबर 2026। राजनांदगांव जिले में जन्मदिन की खुशी उस वक्त मातम में बदल गई, जब दोस्तों के साथ ढाबे में बर्थडे सेलिब्रेट करने निकले पांच युवकों की कार भीषण हादसे का शिकार हो गई। देर रात करीब डेढ़ बजे टेडेसरा बस्ती के पास नेशनल हाईवे पर कार पुलिया से जा टकराई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में ठेकेदार समेत तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हैं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में हादसे की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक ये भीषण हादसा घटना सोमनी थाना क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक,दुर्ग निवासी अभिषेक सिंह ठाकुर इलेक्ट्रिकल और सिविल गवर्नमेंट कॉन्ट्रैक्टर के तौर पर काम करता था। 3 अक्टूबर को उसका जन्मदिन था। दिन में उसने परिवार के साथ जन्मदिन मनाया और रात में दोस्तों के साथ ढाबे में खाना खाने के लिए कार से राजनांदगांव की ओर रवाना हुए थे। कार में कुल पांच लोग सवार थे। सभी भिलाई से राजनांदगांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान टेडेसरा बस्ती के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। इस भीषण हादसे में हादसे में कार सवार अभिषेक सिंह ठाकुर (30) और तोषण तिवारी (29) की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं गंभीर रूप से घायल प्रशांत दास (27) को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल राजनांदगांव ले जाया गया। इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। हादसे में घायल सूरज पांडे और चिंटू का अस्पताल में इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों के मुताबिक अभिषेक दिन में परिवार के साथ अपना जन्मदिन मना चुका था। रात में वह दोस्तों के साथ ढाबे में खाना खाने निकला था। बताया जा रहा है कि पांचों दोस्त पहले एक ढाबे पर पहुंचे, लेकिन वहां खाना नहीं मिला। इसके बाद वे दूसरे ढाबे की ओर बढ़ गए। इसी दौरान अभिषेक की कार आगे निकल गई। बाद में कार को वापस मोड़कर लौटते समय सोमनी नाले के सामने यह हादसा हो गया।
दो छोटी बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
हादसे में जान गंवाने वाले अभिषेक सिंह ठाकुर की दो छोटी बेटियां हैं। जिस पिता ने दिन में परिवार के साथ अपना जन्मदिन मनाया था, उसी रात सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। एक तरफ परिवार के साथ जन्मदिन की खुशियां थीं और दूसरी तरफ कुछ ही घंटों बाद घर में मातम पसर गया। पुलिस ने शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू की है। फिलहाल सोमनी पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।


