रायपुर 23 सितंबर 2026। राजधानी के नवा रायपुर से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है। महानदी भवन के सामने बुधवार शाम शासकीय कर्मचारियों को लेकर जा रही एक चलती बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही बस में सवार कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया। धुआं भरने के बाद यात्रियों ने आनन-फानन में बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त बस में 30 से ज्यादा कर्मचारी सवार थे।
जानकारी के मुताबिक सचिवालय के कर्मचारी अपना काम खत्म करने के बाद बस से वापस लौट रहे थे। महानदी भवन के पास पहुंचते ही बस के इंजन और पिछले हिस्से से अचानक तेज धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में धुआं आग की लपटों में बदल गया और देखते ही देखते बस आग के गोले में तब्दील हो गई। बस के अंदर धुआं भरने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। ड्राइवर ने तत्काल बस रोकने की कोशिश की। स्थिति बिगड़ती देख कर्मचारियों ने तेजी से बस से बाहर निकलना शुरू कर दिया।
आग की लपटें तेजी से फैलने के कारण बस में सवार कर्मचारियों में दहशत फैल गई। कई कर्मचारियों ने आनन-फानन में बस से कूदकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि समय रहते सभी लोग बस से बाहर निकल गए। बताया जा रहा है कि बस में 30 से अधिक शासकीय कर्मचारी सवार थे। फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने या गंभीर रूप से घायल होने की आधिकारिक सूचना सामने नहीं आई है।
मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने मशक्कत के बाद बस में लगी आग पर काबू पाया। आग लगने के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, आग की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुट गया है। सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि बस में सवार 30 से अधिक कर्मचारियों की समय रहते जान बच गई और बड़ा हादसा टल गया


