कोरबा 23 सितंबर 2026। कोरबा जिले के वनांचल क्षेत्र पसान में 24 घंटे के भीतर दो हत्याओं से हड़कंप मच गया है। मंगलवार को जमीन विवाद में भतीजे ने अपने बुजुर्ग चाचा को मौत के घाट उतार दिया था, तो अब पसान थाना क्षेत्र के लैंगा पंचायत के लाकड़हा गांव में 25 वर्षीय महिला की पत्थर से सिर कुचली लाश मिलने से सनसनी फैल गई। लगातार दो हत्याओं के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक हत्या की ये वारदात पसान थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत लैंगा के लाकड़हा गांव का है। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह ग्रामीणों ने एक महिला की लहूलुहान लाश देखी, जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतका की पहचान 25 वर्षीय सुकमनिया एक्का के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक महिला के सिर पर पत्थर से वार कर हत्या की गई है। हालांकि हत्या किसने की और वारदात के पीछे क्या वजह थी, इसका अभी खुलासा नहीं हो सका है।
पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को जुटा रही है। पसान क्षेत्र में यह 24 घंटे के भीतर हत्या का दूसरा मामला है। इससे एक दिन पहले मंगलवार को ग्राम पिपरिया में जमीन विवाद को लेकर एक युवक ने अपने बुजुर्ग चाचा पर टंगिया से जानलेवा हमला कर दिया था। हमले में बुजुर्ग की मौत हो गई थी। वारदात के बाद आरोपी भतीजे के फरार होने की जानकारी सामने आई थी। इस मामले में भी पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
लगातार दो दिनों में दो हत्या की वारदातों से पसान के वनांचल क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। एक तरफ जमीन विवाद में बुजुर्ग की हत्या का मामला सामने आया, तो दूसरी तरफ अब महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या से सनसनी फैल गई है। फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि सुकमनिया एक्का की हत्या किसने और क्यों की। पुलिस जांच और पूछताछ के बाद ही इस वारदात की पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।


