राजनांदगांव 2 सितंबर 2026। राजनांदगांव जिले के छुरिया क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भोलापुर मार्ग पर स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि इसमें चार लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक ये दर्दनाक सड़क हादसा मंगलवार देर शाम को घटित हुई। बताया जा रहा है कि भोलापुर मार्ग पर तेज रफ्तार स्कार्पियों वाहन के चालक ने बाइक सवार लोगों को चपेट में लेकर जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक सवार दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं दो अन्य घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार क दौरान एक युवती समेत एक अन्य की उपचार के दौरान मौत हो गयी। दुर्घटना के बाद भोलापुर मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
एक ही सड़क हादसे में चार लोगों की मौत की खबर से छुरिया क्षेत्र में शोक का माहौल है। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह जांच कर रही है कि दोनों वाहनों की टक्कर किन परिस्थितियों में हुई। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान की प्रक्रिया भी की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर हादसे से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर और मृतकों की पहचान स्पष्ट हो सकेगी।


