अंबिकापुर 28 अगस्त 2026। नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बीच कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए यात्रियों को लेकर चिंता बढ़ गई है. अंबिकापुर के वरिष्ठ भाजपा नेता करता राम गुप्ता की बेटी और इंग्लैंड में कार्यरत स्किन स्पेशलिस्ट डॉ. मीना गुप्ता भी लापता बताई जा रही हैं. हादसे के वक्त डॉ. मीना करीब 80 लोगों के दल के साथ नेपाल-तिब्बत सीमा स्थित इमीग्रेशन सेंटर में मौजूद थीं. जानकारी के मुताबिक, बाढ़ की चपेट में आने के बाद डॉ. मीना गुप्ता समेत यात्रा दल के करीब 80 सदस्यों से संपर्क नहीं हो पाया है. परिवार को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, उनकी चिंता बढ़ गई. फिलहाल सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की उम्मीद की जा रही है.
जानकारी के मुताबिक डॉ. मीना गुप्ता 14 अगस्त को कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए दिल्ली पहुंची थीं. इसके बाद वह आध्यात्मिक गुरु के साथ करीब 80 सदस्यीय दल में दिल्ली से काठमांडू रवाना हुईं. बताया गया है कि 23 अगस्त को दल ने कैलाश मानसरोवर की यात्रा पूरी कर ली थी. यात्रा पूरी करने के बाद 25 अगस्त को दल के सदस्य नेपाल-तिब्बत सीमा पर स्थित इमीग्रेशन सेंटर पहुंचे थे. यहां आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही थीं.
इसी दौरान इलाके में आई भीषण बाढ़ ने स्थिति को गंभीर बना दिया. डॉ. मीना ने अपने पिता करता राम गुप्ता को भी कैलाश मानसरोवर यात्रा पर साथ चलने के लिए कहा था. हालांकि, व्यस्तता के कारण उन्होंने यात्रा पर जाने से इनकार कर दिया था. रक्षाबंधन के मौके पर बेटी से दिल्ली में मिलने के इरादे से करता राम गुप्ता भी दिल्ली पहुंचे थे. लेकिन बेटी से मुलाकात से पहले ही उन्हें नेपाल में हुए हादसे की जानकारी मिल गई.
इंग्लैंड में स्किन स्पेशलिस्ट हैं डॉ. मीना
डॉ. मीना गुप्ता की शुरुआती पढ़ाई अंबिकापुर के होलीक्रॉस स्कूल में हुई है. डॉक्टर बनने के बाद से वह इंग्लैंड में रहकर स्किन स्पेशलिस्ट के तौर पर काम कर रही हैं. कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए भारत आने के बाद वह इस यात्रा दल में शामिल हुई थीं. अब नेपाल-तिब्बत सीमा पर हुए हादसे के बाद परिवार उनकी सुरक्षित वापसी का इंतजार कर रहा है.
केंद्र के संपर्क में मंत्री, परिवार को मदद का भरोसा
डॉ. मीना के लापता होने की जानकारी मिलने के बाद पर्यटन और संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने उनके पिता करता राम गुप्ता से बात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली है. मंत्री ने केंद्र सरकार से संपर्क कर यात्रियों की तलाश और हरसंभव मदद का भरोसा दिया है. फिलहाल परिवार की नजर नेपाल में चल रहे राहत और बचाव प्रयासों पर है. डॉ. मीना गुप्ता समेत लापता बताए जा रहे सभी यात्रियों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद की जा रही है.


