अंबिकापुर 23 जुलाई 2026। अंबिकापुर जिले में 14 वर्षीय आदिवासी छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप गांव की उपसरपंच के पति पर लगा है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने पहले उसे अश्लील वीडियो दिखाया और फिर उसके साथ जबरन दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपी उपसरपंच पति ने किसी को घटना बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद शिकायत दर्ज नहीं कराने के लिए आरोपी की ओर से पैसों का लालच दिया गया और दबाव बनाने की भी कोशिश की गई।
जानकारी के मुताबिक मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक कोतवाली थाना क्षेत्र की कक्षा सातवीं में पढ़ने वाली छात्रा उपसरपंच के घर घरेलू काम करती थी। आरोप है कि 20 जुलाई की शाम पीड़ित छात्रा जब उपसरपंच के घर पर खाना बना रही थी। तभी आरोपी तरूण जायवाल वहां पहुंचा और उसने नाबालिग को अश्लील वीडियों दिखाकर उसके साथ वैसा ही करने की इच्छा जतायी। पीड़िता के विरोध करने के बावजूद आरोपी ने उसके साथ बलात्कार की घटना को अंजाम दिया। पीड़िता ने शोर मचाने की कोशिश की तो उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया।
बहन के बुलाने पर भी पीड़िता को नही जाने दिया घर
पीड़िता ने बताया कि नाबालिग जब रात 10 बजे तक घर नहीं लौटी, तो उसकी बड़ी बहन उसे बुलाने उपसरपंच के घर पहुंची। लेकिन उसे बाहर से ही यह कहकर लौटा दिया कि खाना नहीं बना है। दूसरी बार 11 बजे बड़ी बहन उसे लेने पहुंची तो नाबालिग उसके साथ घर लौटी। इसके बाद नाबालिग ने रोते हुए अपनी मां को आपबीती बताई। वारदात के दौरान तरुण जायसवाल घर पर अकेला था।
रिपोर्ट करने से रोका, पैसे का भी दिया ऑफर
पीड़िता के रिश्तेदारों ने आरोप लगाया है कि 21 जुलाई को तरुण जायसवाल ने कुछ लोगों को घर भेजकर पैसों का लालच देने की कोशश की। आरोप है कि रिश्तेदारों को धमकी भी दी गई है और वे रिपोर्ट कराने न जा पाएं, इसके लिए निगरानी भी लगाई। वहीं नाबालिग के पिता ने पैसे लेने से इनकार कर दिया और समाज के लोगों से सारी बातें रखी। साथ ही मदद की गुहार लगाई। इसके बाद 22 जुलाई को करीब 100 लोग कोतवाली थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
एफआईआर के बाद मेडिकल जांच कराई गई
देर शाम तक ग्रामीण थाने में डटे रहे। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने पीड़िता के पिता की शिकायत पर आरोपी तरुण जायसवाल के खिलाफ दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। वहीं घटना के बाद आरोपी गांव से फरार हो गया, जिसे पुलिस ने अंबिकापुर के चोपड़ापारा इलाके से हिरासत में ले लिया है। मामले में एसपी राजेश अग्रवाल का कहना है कि पीड़िता के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर कार्रवाई की जा रही है।

