सूरजपुर 19 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक 40 वर्षीय महिला के साथ गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि दो युवकों ने उसे घर छोड़ने का झांसा देकर कार में लिफ्ट दिया। इसके बाद बीच रास्ते में आरोपियों ने नशीला पदार्थ सुंघाकर उसे बेहोश करने के बाद गैंगरेप किया। पीड़ित महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक घटना जयनगर थाना क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक घटना 3 जुलाई की शाम की बतायी जा रही है। पीड़िता ने अपने रिपोर्ट में बताया कि वह 3 जुलाई को अपने घर लौटने के लिए ऑटो का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान कार सवार दो युवक वहां पहुंचे और उसे घर छोड़ने की बात कहकर कार में बैठा लिया।
महिला का आरोप है कि कार में बैठते ही आरोपियों ने उसे कोई नशीला पदार्थ सुंघाया, जिससे वह बेहोश हो गई। पीड़िता के मुताबिक बेहोश होने के बाद दोनों आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद उसे गांव के बाहर बदहवास हालत में छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गए। गैंगरेप की इस घटना के बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई।
परिजनों ने पहले उसे इलाज के लिए अंबिकापुर के अस्पताल में भर्ती कराया। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद पीड़िता ने परिजनों के साथ जयनगर थाने पहुंचकर इस घटना की रिपोर्ट दर्ज करायी है। महिला ने आरोपियों की पहचान कर थाने में नामजद अपराध दर्ज कराया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी सुशांत सिकदार और अखिलेश राय के खिलाफ अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी हैं।

