बिलासपुर 17 जुलाई 2026। बिलासपुर में रिंग रोड स्थित एक निजी अस्पताल में ड्यूटी के दौरान डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ के मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान डाॅक्टर और के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। घटना के बाद दोनों पक्षों ने सिविल लाइन थाने में एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी केे मुताबिक मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। पुलिस को दी शिकायत में अयोध्या नगर निवासी डॉ. गेंदलाल जोगी ने बताया कि बुधवार को उनकी ड्यूटी सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक थी। दोपहर के समय उनकी पत्नी उनसे मिलने अस्पताल आई थीं। पत्नी के लौटने के बाद वह बच्चे को स्कूल से लेकर घर छोड़ने गए और फिर वापस ड्यूटी पर लौटे। आरोप है कि इसी बात को लेकर नर्सिंग स्टाफ की सदस्य अनिता टंडन उनसे उलझ गईं और अस्पताल में पत्नी के आने पर सवाल उठाने लगीं। डॉ. जोगी का आरोप है कि विरोध करने पर अनिता टंडन ने उनके साथ गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और मरीजों के सामने थप्पड़ मारकर मारपीट की।
उनका कहना है कि इस घटना में उनके गाल पर चोट आई है और दांत में दर्द की शिकायत है। वहीं दूसरी ओर, आवासपारा अमेरी निवासी नर्सिंग स्टाफ अनिता टंडन ने भी डॉक्टर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि घटना के समय वह आईसीयू में मरीजों की निगरानी कर रही थीं। इसी दौरान डॉ. जोगी ने उन्हें वहां से उठकर दूसरी जगह बैठने के लिए कहा। जब उन्होंने मरीजों की देखरेख का हवाला देते हुए अपनी जगह बदलने से इनकार किया, तो डॉक्टर कथित रूप से गाली-गलौज करने लगे। अनिता टंडन का आरोप है कि विरोध करने पर डॉक्टर ने उनके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की।
जिससे उनकी दाहिनी भुजा, बाईं हथेली और गले में अंदरूनी चोटें आईं। घटना के बाद उन्होंने डायल-112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई। सिविल लाइन थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल परिसर में हुई इस घटना ने चिकित्सा संस्थानों में कार्यस्थल के अनुशासन और पेशेवर व्यवहार को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

