मुंबई 18 अक्टूबर 2026। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ को लेकर मुंबई के जुहू इलाके में गोलीबारी की खबर सामने आई है। जुहू स्थित पुष्पा पार्क के पास फायरिंग की घटना हुई, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती खबरों में कई लोगों के घायल होने की आशंका जताई गई है। हालांकि मुंबई पुलिस के हवाले से कहा गया है कि टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने एक शख्स को हिरासत में लिया है। कपड़े के आधार पर शख्स को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ चल रही है। वहीं मुंबई पुलिस ने 15 स्पेशल टीमें गठित की है ताकि मामले की जांच हर एंगल से की जा सके।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बाइक पर सवार होकर आए तीन अज्ञात हमलावरों ने टाइगर श्रॉफ की कार को निशाना बनाया। घटना के दौरान कई राउंड गोलियां चलने की खबर है। गोलीबारी में अभिनेता के ड्राइवर और एक ऑटो रिक्शा चालक के घायल होने की जानकारी सामने आई है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाए जाने की खबर है। फायरिंग के बाद मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। घटना से जुड़े वीडियो में गोलियों की आवाज सुनाई देने और लोगों के इधर-उधर भागने के दृश्य सामने आए हैं। हालांकि, घटना के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से जिम्मेदारी लेने का दावा
फायरिंग की घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने का दावा करते हुए हमले की जिम्मेदारी लेने की बात कही गई। पोस्ट में अभिनेता सलमान खान के साथ काम करने वालों को भी धमकी दिए जाने का दावा है। हालांकि, सोशल मीडिया पोस्ट की प्रामाणिकता और हमले से उसके संबंध की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
मुंबई पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में रवाना
इसके साथ ही आरोपियों की तलाश के लिए मुंबई पुलिस की 8 टीमें अलग-अलग जगहों पर रवाना भी कर दी गई है। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। जांच में घटनास्थल पर मौजूद एक संदिग्ध की पहचान उसके कपड़ों के आधार पर किए जाने की जानकारी सामने आई है। कुर्ला, बांद्रा, कल्याण और दादर रेलवे स्टेशन पर पुलिस की टीमें रवाना की गई हैं। एंटी-एक्सटॉर्शन सेल के अधिकारियों ने नानावटी अस्पताल पहुंचकर घायलों से पूछताछ की। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ से भी शुरुआती पूछताछ की है।
चश्मदीद गवाह ने बताया आंखों देखा हाल
इसके अलावा टाइगर श्रॉफ पर हमले की एक चश्मदीद गवाह भी सामने आई हैंए जो कि व्लॉग बनाती हैं। सलमा शेख नाम की महिला ने आंखों देखा हाल बताया कि एक गंदा सा लड़का गन लेकर आया था। जिसे सबने देखा और लोगों को पहले तो लगा कि वो पटाखा फोड़ने आया है लेकिन अचानक से उसने फायरिंग शुरू कर दी थी। जिसके बाद वहां चारों तरफ डर का माहौल हो गया था और हमले में कई लोग घायल भी हो गए थे।
रोहित शेट्टी के घर के पास हुई वारदात
घटना स्थल से फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी का घर भी कुछ दूरी पर स्थित बताया जा रहा है। इससे पहले उनके घर के बाहर भी गोलीबारी की घटना सामने आ चुकी है। ऐसे में जुहू इलाके में हुई इस वारदात ने बॉलीवुड हस्तियों की सुरक्षा को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल मुंबई पुलिस फायरिंग के मामले की जांच में जुटी है। टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं, लेकिन हमले का मकसद, हमलावरों की पहचान और सोशल मीडिया पर किए गए दावे की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।


