अंबिकापुर 25 सितंबर 2026। अंबिकापुर में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान ट्रेनी डीएसपी और दरिमा थाना प्रभारी निशांत कुर्रे के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। साइड देने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते झड़प में बदल गया। आरोप है कि करीब दर्जनभर युवकों ने डीएसपी के साथ मारपीट की और उनकी निजी कार के शीशे तोड़कर वाहन में भी तोड़फोड़ की। मामले में मणिपुर थाना पुलिस ने 6 युवकों को हिरासत में लिया है और अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक ट्रेनी डीएसपी निशांत कुर्रे गुरुवार रात करीब 10 बजे दरिमा से अपनी निजी कार से अंबिकापुर लौट रहे थे। कंठी और जगदीशपुर के बीच गणेश विसर्जन की झांकी और जुलूस निकल रहा था। डीजे और जुलूस के कारण सड़क पर यातायात बाधित था। डीएसपी ने जुलूस में शामिल लोगों से वाहन को साइड देने और रास्ता व्यवस्थित करने के लिए कहा। इसी बात को लेकर कुछ युवकों से उनकी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान करीब 12 युवकों ने ट्रेनी डीएसपी के साथ मारपीट की। इस दौरान उनकी निजी कार को भी निशाना बनाया गया और कार के शीशे तोड़ दिए गए। घटना में डीएसपी को मामूली चोटें आने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मणिपुर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और इलाके में घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने अब तक 6 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
SDOP ने बताया- रास्ता देने की समझाइश पर हुआ विवाद
अंबिकापुर SDOP राकेश बघेल के मुताबिक, दरिमा थाना प्रभारी निशांत कुर्रे इलाके के भ्रमण पर थे। रास्ते में डीजे के साथ गणेश विसर्जन जुलूस के कारण मार्ग बंद मिला। उन्होंने जुलूस में शामिल युवकों को रास्ता देने और व्यवस्था बनाने की समझाइश दी। इसी दौरान विवाद हुआ और उनके साथ मारपीट की गई। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ की जा रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।


