रायपुर 25 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ बीजेपी की नई प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी आज रायपुर पहुंचीं। उनके स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर संगठन की ओर से नामित 16 पदाधिकारी और विधायक पहुंचे। इस बार स्वागत कार्यक्रम सादगी भरा रहा। न ढोल-ताशे बजाए गए और न ही किसी मंत्री को बुलाया गया। भाजयुमो की ओर से प्रस्तावित बाइक रैली भी स्थगित कर दी गई। एयरपोर्ट से स्मृति ईरानी सीधे भाजपा कार्यालय पहुंचीं। एयरपोर्ट पर उन्होने मीडिया से बातचीत न कर सीधे पार्टी कार्यालय के लिए रवाना हो गयी। जहां उनका स्वागत किया गया। पार्टी कार्यालय के भीतर से पुलिस सुरक्षा हटाए जाने की जानकारी भी सामने आई है। बताया गया कि यह कदम स्मृति ईरानी के निर्देश पर उठाया गया। वहीं कोर की बैठक जो कि आज होने वाली थी, उसे परिवर्तित कर कल सोमवार को कर दिया गया है।
VIDEO | Chhattisgarh BJP state in-charge Smriti Irani arrives in Raipur for her 2 day tour.
(Full video available on PTI Videos – https://t.co/d8jp61yd2p) https://t.co/IyFOlVOWol
— Press Trust of India (@PTI_News) October 25, 2026
स्मृति ईरानी के पहुंचने के बाद भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में संगठन की बैठकें शुरू हो गई हैं। प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री और महामंत्रियों की बैठक आयोजित की जा रही है। बैठकों के कार्यक्रम में भी कुछ बदलाव किए गए हैं। पहले निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होने वाली कोर ग्रुप की बैठक अब कल होगी, जबकि निगम-मंडल से जुड़े विषयों पर बैठक आज आयोजित की जाएगी। स्मृति ईरानी और प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू 25 और 26 अक्टूबर को प्रदेश भाजपा कार्यालय में संगठन के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ कुल 12 बैठकों में शामिल होंगे।
इन बैठकों के जरिए प्रदेश में पार्टी संगठन और जनप्रतिनिधियों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। हालांकि, बैठक के एजेंडे और संभावित फैसलों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। स्मृति ईरानी के दौरे पर नजर इसलिए भी है, क्योंकि प्रदेश प्रभारी के तौर पर उनकी जिम्मेदारी के बीच संगठनात्मक बैठकों का यह दौर पार्टी की प्रदेश इकाई के लिए अहम माना जा रहा है। आने वाले दो दिनों में होने वाली बैठकों में किन मुद्दों पर चर्चा होती है और क्या दिशा तय की जाती है, इस पर राजनीतिक नजरें रहेंगी।


