रायपुर 22 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन, आतिशबाजी और रील बनाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाईकोर्ट की सख्ती और पुलिस की लगातार कार्रवाई के बावजूद सड़क पर जश्न मनाने के मामले सामने आ रहे हैं। अब राजधानी रायपुर के अभनपुर में नायब तहसीलदार विपिन पटेल का कथित तौर पर बीच सड़क पर केक काटने और आतिशबाजी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सड़क पर इस तरह के सेलिब्रेशन को लेकर एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में नायब तहसीलदार विपिन पटेल एक कार के पास नजर आ रहे हैं। गाड़ी का नंबर CG 04 NY 1910 बताया जा रहा है। वीडियो में गाड़ी की डिक्की खोलने पर अंदर केक और ‘हैप्पी बर्थडे’ का टैग दिखाई देता है। इसके बाद वे केक काटते नजर आते हैं। इसी दौरान आतिशबाजी भी की जाती है और एक युवक आतिशबाजी का सेट लगाते हुए दिखाई देता है। वीडियो में सलमान खान की फिल्म का गाना ‘ओ-ओ जाने जाना’ भी बज रहा है। इस पूरे घटनाक्रम को रील के रूप में सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया है।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन, खतरनाक स्टंट और यातायात बाधित करने के मामले पहले भी सामने आते रहे हैं। इन घटनाओं पर संज्ञान लेते हुए छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने राज्य सरकार और पुलिस को सख्ती बरतने के निर्देश दिए थे। अदालत ने ऐसे मामलों में कार्रवाई करते हुए दोषियों के ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने जैसे कदम उठाने की बात भी कही थी। बावजूद इसके सोशल मीडिया पर सड़क पर केक काटने, आतिशबाजी करने और रील बनाने के वीडियो सामने आ रहे हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब आम लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और सार्वजनिक सड़कों पर अनुशासन बनाए रखने की हिदायत दी जा रही है, तो ऐसे मामलों पर प्रभावी रोक कैसे लगेगी ?
सड़क पर जश्न मनाने और स्टंट करने के मामलों में पुलिस की कार्रवाई के बावजूद इस तरह की घटनाएं सामने आना चिंता का विषय है। सड़कें सार्वजनिक आवागमन के लिए होती हैं। वहां गाड़ी रोककर सेलिब्रेशन करना या आतिशबाजी करना दूसरे वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा को प्रभावित कर सकता है। अब अभनपुर के नायब तहसीलदार से जुड़ा यह वीडियो सामने आने के बाद देखना होगा कि संबंधित विभाग या पुलिस की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं। फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर किसी आधिकारिक कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है।


