अंबिकापुर 2 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में एक तरफ राज्योत्सव का जश्न मनाया जा रहा है, तो दूसरी तरफ पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल ने शासन-प्रशासन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। धान खरीदी से ठीक पहले शुरू हुई इस हड़ताल ने सरकार की चिंता बढ़ा दी है। किसानों के पंजीयन से लेकर फसल सर्वे और राजस्व संबंधी काम प्रभावित होने की आशंका के बीच प्रशासन अब सख्त कार्रवाई के मूड में नजर आ रहा है। सरगुजा संभाग में हड़ताल पर गए सभी 819 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। संभागायुक्त नरेन्द्र दुग्गा ने पटवारियों को तत्काल काम पर लौटने के निर्देश दिए हैं। संभाग के सभी छह जिलों के SDM ने संबंधित पटवारियों को नोटिस जारी कर उसी दिन तहसीलदार के माध्यम से लिखित स्पष्टीकरण देने को कहा है। निर्धारित समय पर काम पर नहीं लौटने पर एकपक्षीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
गौरतलब है कि आगामी 15 नवंबर से प्रदेशभर में धान की खरीदी शुरू होगी। सरकार धान खरीदी को लेकर तैयारी में जुटी हुई है, लेकिन पटवारियों की हड़ताल के कारण फसल की गिरदावरी का काम बड़े पैमाने पर प्रभावित है। लिहाजा सरकार अब हड़ताली पटवारियों को लेकर सख्ती के मूड में नजर आ रही है। पहले पटवारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष पर निलंबन की कार्रवाई के बाद अब जिला स्तर पर संघ के पदाधिकारियों पर निलंबन की गाज गिराने के साथ ही सरगुजा संभाग में पटवारियों को हड़ताल से वापस लौटने नोटिस जारी किया गया है। प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, सरगुजा जिले में 216, सूरजपुर में 192, बलरामपुर में 150, जशपुर में 150, कोरिया में 60 और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) में 51 पटवारियों को नोटिस दिया गया है।
वहीं, बलरामपुर जिले में निर्धारित मुख्यालय पर निवास नहीं करने के आरोप में पांच पटवारियों को निलंबित भी किया गया है। पटवारियों की अनुपस्थिति से कई जरूरी सरकारी काम प्रभावित हो रहे हैं। इनमें डिजिटल क्रॉप सर्वे, फिजिकल वेरिफिकेशन, एग्रीस्टैक और आगामी धान खरीदी के लिए किसानों के अभिलेखों का सत्यापन शामिल है। इसके अलावा आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और राजस्व न्यायालयों से जुड़े मामलों का काम भी प्रभावित हो रहा है। हाल ही में चक्रवाती तूफान से फसलों को हुए नुकसान का सर्वे और आकलन भी पटवारियों की गैरमौजूदगी के कारण प्रभावित हुआ है।
इससे किसानों को राहत राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में भी देरी की आशंका है। ऐसे में धान खरीदी से ठीक पहले हड़ताल प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गई है।संभागायुक्त ने स्पष्ट किया है कि बिना पूर्व अनुमति या स्वीकृत अवकाश के ड्यूटी से अनुपस्थित रहना सेवा नियमों के तहत गंभीर कदाचार माना जाएगा। प्रशासन ने हड़ताल अवधि का वेतन और अन्य सेवा लाभ रोकने के साथ इस अवधि को ‘ब्रेक इन सर्विस’ यानी सेवा में व्यवधान के रूप में दर्ज करने की चेतावनी दी है। फिलहाल प्रशासन ने पटवारियों को तत्काल कार्यभार संभालने का निर्देश दिया है। अब नजर इस बात पर है कि नोटिस और निलंबन की कार्रवाई के बाद पटवारी काम पर लौटते हैं या धान खरीदी से पहले यह गतिरोध और बढ़ता है।


